दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किर्बी प्लेस बस अड्डा इलाके में एक व्यक्ति ने 19 वर्षीय युवती पर सरेआम चाकू से कई वार किये। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाद में हमलावर (20) ने उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया।
पुलिस को एक राहगीर ने रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे इस घटना की जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़की की गर्दन और पेट के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया गया है। दोनों (पीड़िता एवं हमलावर) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।’’
जांच में पता चला कि आरोपी अमित और पीड़िता पिछले एक साल से दोस्त थे और किसी बात को लेकर उनके बीच मनमुटाव हो गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों को डीडीयू (दीन दयाल उपाध्याय) अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। आरोपी अमित के खिलाफ दिल्ली छावनी पुलिस थाने में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 109 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।’’
इस बीच, कथित घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया। करीब 45 सेकंड की इस ‘क्लिप’ में पुरुष और महिला खून से लथपथ हालत में सड़क के डिवाइडर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके आसपास लोगों की भीड़ है।

