Sunday, April 27, 2025
spot_img
Homeअंतरराष्ट्रीयPM Modi Nigeria Visit । नाइजीरिया के राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने...

PM Modi Nigeria Visit । नाइजीरिया के राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने की बैठक, देशों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाइजीरिया में हैं, जहां उन्होंने रविवार को राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के साथ बैठक की। पीएम मोदी और राष्ट्रपति टीनूबू की बैठक अबुजा में राष्ट्रपति भवन में हुई। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने टिनुबू के साथ व्यापार, निवेश और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना समेत विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने पर चर्चा की। दोनों नेताओं की उपस्थिति में भारत और नाइजीरिया ने समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं पिछले महीने नाइजीरिया में आई बाढ़ के कारण हुई जानमाल की हानि पर संवेदना व्यक्त करता हूं। आपके राहत कार्यों के समर्थन में भारत 20 टन मानवीय सहायता भेज रहा है।’ उन्होंने आगे कहा कि मेरे लिए यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में ही मुझे नाइजीरिया आने का अवसर प्राप्त हुआ।
 

इसे भी पढ़ें: Nigeria के ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर’ पुरस्कार से सम्मानित होंगे PM Narendra Modi

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए आपकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करता हूं। मुझे खुशी है कि पिछले साल भारत की अध्यक्षता में नाइजीरिया पहली बार अतिथि देश के रूप में जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल हुआ, साथ मिलकर हमने अफ्रीकी संघ को जी-20 की स्थायी सदस्यता प्रदान की। मुझे लगता है कि यह ऐतिहासिक था। यह खुशी की बात है कि नाइजीरिया को ब्रिक्स में भागीदार देश का दर्जा दिया गया है। मैं नाइजीरिया को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘हम नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को उच्च प्राथमिकता देते हैं। रक्षा, ऊर्जा, वित्तीय मुद्दों, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति जैसे कई क्षेत्रों में हमारे बीच मजबूत सहयोग है। हमारे संबंधों से कई नई संभावनाएं जुड़ी हैं।’ उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद, अलगाववाद, समुद्री डकैती और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। हम आने वाले समय में भी इसे और मजबूती से जारी रखेंगे।
 

इसे भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर 120 मिसाइलों और 90 ड्रोन से हमला किया

पीएम मोदी ने भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि आज की हमारी बातचीत से हमारे संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ेगा। हम मिलकर वैश्विक स्तर पर ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को उजागर करेंगे और अपने संयुक्त प्रयासों से हमें सफलता मिलेगी।
पीएम मोदी रविवार सुबह नाइजीरिया की राजधानी अबूजा पहुंचे। यह 17 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है। मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत नाइजीरिया में हैं। वह जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अबूजा से ब्राजील जाएंगे। उनका अंतिम गंतव्य गुयाना होगा।
अक्टूबर 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की नाइजीरिया यात्रा के दौरान भारत-नाइजीरिया संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। नाइजीरिया छह दशकों से अधिक समय से भारत का करीबी साझेदार रहा है। भारत ने 1960 में नाइजीरिया के स्वतंत्र होने से दो साल पहले नवंबर 1958 में लागोस में अपना राजनयिक भवन स्थापित किया था।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments