अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की महिलाओं का इंतेज़ार खत्म हो सकता है। बीजेपी के ऐलान के बाद आठ मार्च को दिल्ली की महिलाओं को 2500 रूपए देने की तैयारी रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने कर ली है।
माना जा रहा है कि इस बड़े चुनावी वादे को दिल्ली सरकार महिला दिवस पर पूरा कर सकती है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में महिला सम्मान निधि की घोषणा हो सकती है। गौरतलब है कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए बीजेपी ने घोषणा की थी कि उन्हें हर महीने 2500 रूपए दिए जाएंगे। इसका ऐलान चुनावी सभा में द्वारका से खुद नरेंद्र मोदी ने किया था। उन्होंने कहा था कि महिला सम्मान निधि की पहली किश्त दिल्ली की महिलाओं को आठ मार्च को जारी होगी। महिलाओं के खाते में 2500 रुपए आने शुरू हो जाएंगे।
कैबिनेट बैठक में मिल सकती है मंजूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन होना है जिसमें महिला सम्मान निधि की घोषणा की जा सकती है। ये भी जानकारी आई है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली कैबिनेट की बैठक में महिला समृद्धि योजना को मंजूरी के लिए पेश हो सकता है। कैबिनेट में इस सम्मान निधि को मंजूरी मिलने से पहले योजना से जुड़े दिशानिर्देश और योग्यता पर चर्चा की संभावना है।