उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं ने सोमवार को प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई और शुभकामना दी।
आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सत्य, सनातन, सदाचार और सकारात्मकता की शाश्वत विजय के पावन प्रतीक महापर्व दीपावली की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! प्रभु श्री राम और माता जानकी की कृपा से घरों के साथ हृदय भी आलोकित हों, सभी के जीवन में विश्वास, उत्साह और उमंग का दीप प्रज्वलित हो, यही प्रार्थना है। जय जय सियाराम!”
राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशवासियों को दीपावली, गोवर्धनपूजा, तथा भाईदूज की बधाई दी।
सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में यादव ने कहा, “प्रकाश पर्व दीपावली का त्योहार सभी लोग मिल जुलकर मनायें। एक दूसरे का सम्मान करें।”
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा “शुभ दीपावली – उत्तर प्रदेश की जनता और सभी देशवासियों को दीपोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य तथा निराशा पर आशा की विजय के प्रतीक महापर्व दीपावली की समस्त देश व प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं!”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिखा, “दीपावली का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव और खुशियों का प्रकाश लेकर आए ऐसी ईश्वर से मंगल कामना करता हूं।”
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, “आप सभी प्रदेशवासियों को अंधकार पर प्रकाश की शाश्वत विजय के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं।