केरल के कन्नूर में कन्नपुरम के पास एक स्थानीय भाजपा नेता के घर पर बम फेंका गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घटना बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई। घटना के समय भाजपा नेता विजू नारायणन के माता-पिता घर पर ही थे।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर की खिड़कियों और कुछ दीवारों को नुकसान पहुंचा है।
अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने यह भी कहा कि उसने भाजपा नेता के आवासीय परिसर और आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने के लिए बम व श्वान दस्ते को तैनात किया है।
घटना के बाद, भाजपा ने हमले के पीछे माकपा का हाथ होने का आरोप लगाया, हालांकि वाम दल ने आरोपों का खंडन किया है। भाजपा ने पुलिस पर भी इस मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया और दावा किया कि पुलिस ने पार्टी की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया।