पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद के खिलाफ भारत ने अपनी ग्लोबल आउटरीच की शुरुआत कर दी है। इसी तरह भारत के सांसदों का एक डेलीगेशन रूस के लिए रवाना हुआ। लेकिन बताया जा रहा है कि भारत के सांसदों का ये डेलीगेशन मॉस्को में ड्रोन अटैक की चपेट में आते आते बच गया। इस विमान में डीएमके सांसद कनिमोझी सवार थी। ड्रोन अटैक की वजह से कई घंटे तक ये विमान मॉस्को एयरपोर्ट पर चक्कर लगाता रहा। कई घंटे की देरी के बाद और सुरक्षा स्थिति के आंकलन के बाद आखिरकार ये विमान मॉस्को एयरपोर्ट पर उतरा। ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया के देशों को भारत का रुख बताने के लिए हिंदुस्तान की ओर से छह डेलीगेशन अलग अलग देश गए हैं। भारत की ओर से जो डेलीगेशन रूस गया है, उसमें डीएमके सांसद कनिमोझी, समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय, आरजेडी सांसद प्रेम चंद गुप्ता, कैप्टन बृजेश चौकट, आम आदमी पार्टी के अशोक कुमार मित्तल, एनसीपी के जावेद अशरफ और पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: आज भारत है… कल आप हो सकते हैं…आतंकवाद पर जापान में Indian Delegation ने दुनिया को बताया पाकिस्तान का सच
कनिमोझी के साथ आई टीम ने बताया कि सुरक्षा स्थिति के कारण विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा। आखिरकार कई घंटों की देरी के बाद विमान मॉस्को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। घटना के बाद रूस में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और होटल तक उनकी सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की। कनिमोझी के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारत के वैश्विक आउटरीच कार्यक्रम से पहले मॉस्को पहुंचा। मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का स्वागत रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने किया।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका, पाकिस्तान को विदेश मंत्री का जवाब, समझौते में कोई तीसरा देश नहीं, आतंकी अगर पाक में है तो उसे वहीं मारेंगे
मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के बयान के अनुसार, मॉस्को के डोमोडेडोवो हवाई अड्डे पर पहुंचने पर, माननीय संसद सदस्य कनिमोझी करुणानिधि, राजीव राय, कैप्टन बृजेश चौटा, प्रेम चंद गुप्ता, डॉ. अशोक कुमार मित्तल, पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी का रूसी संघ में भारत के राजदूत महामहिम विनय कुमार ने स्वागत किया। इसमें आगे कहा गया है कि 23-24 मई 2025 को मॉस्को में बैठकों और बातचीत का एक व्यस्त कार्यक्रम उनका इंतजार कर रहा है। इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में मॉस्को में भारतीय दूतावास ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत सरकार के निरंतर प्रयासों के संदर्भ में और आतंकवाद के खतरे के खिलाफ भारत के सैद्धांतिक और दृढ़ रुख को आगे बढ़ाने के लिए, संसद सदस्यों और एक वरिष्ठ राजनयिक का एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 22 से 24 मई 2025 तक रूसी संघ की यात्रा पर जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल देश के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के प्रति शून्य-सहिष्णुता के मजबूत संदेश को आगे बढ़ाएगा।