दिल्ली पुलिस ने यहां सरोजिनी नगर में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सदस्य मंजीत उर्फ दादा अलीपुर में दर्ज किये गये हत्या के एक मामले में वांछित है।
सोमवार को उसे प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह से जुड़े करण थापा की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
थापा की 28 मार्च, 2025 को अलीपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मंजीत की गतिविधियों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सरोजिनी नगर में जाल बिछाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जब पुलिस टीम ने मंजीत को रोका, तो उसने भागने की कोशिश की और गोलियां चलायीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कुछ राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।’’
उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों में कोई भी घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले मंजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन समेत कम से कम छह मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि अलीपुर हत्याकांड के बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
पुलिस के अनुसार भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।