भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शाज़िया इल्मी ने बुधवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और उनकी पत्नी कोटा नीलिमा पर दो-दो मतदाता पहचान पत्र रखने का आरोप लगाया। इल्मी ने कांग्रेस पार्टी को वोट डकैत करार देते हुए आरोप लगाया कि 1980 में सोनिया गांधी का नाम इतालवी नागरिक होने के बावजूद मतदाता सूची में दर्ज था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, शाज़िया इल्मी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सीडब्ल्यूसी सदस्य पवन खेड़ा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं, और उनकी पत्नी कोटा नीलिमा, जो 2023 के चुनावों में तेलंगाना के 60 खैरताबाद विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार थीं, के पास भी दो मतदाता पहचान पत्र हैं।
इसे भी पढ़ें: बिहार NDA: शाह की बैठक से पहले मांझी ने मांगे 20 सीट, सीट बंटवारे पर घमासान तय!
शाज़िया इल्मी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, जो अपने को मोहब्बत की दुकान कहती है, दरअसल फर्जीवाड़े और फरेब का बाजार है। कांग्रेस पार्टी के CWC मेंबर पवन खेड़ा के पास दो दो EPIC कार्ड मिले और उनकी पत्नी कोटा नीलिमा जो 2023 में 60 खैरताबाद विधानसभा तेलंगाना में उम्मीदवार थीं, उनके पास भी दो दो EPIC कार्ड मिले हैं। इसके बाद कोटा नीलिमा के पास 40 नई दिल्ली का भी एक EPIC कार्ड भी है। इसमें कोटा नीलिमा का नाम के नीलिमा है।
भाजपा नेता ने कहा कि वैसे ये दास्तां नई नहीं है, इटैलियन नागरिक होने के बाद भी सोनिया गांधी ने अपने आप को 1980 में वोटर लिस्ट में शामिल किया था। यानी वो भारतीय नागरिक बाद में बनीं, वोटर लिस्ट में नाम पहले शामिल हो गया। वोट चोरी का इल्जाम लगाने वाली कांग्रेस पार्टी दरअसल वोट डकैती के लिए जानी जाती है। ईवीएम आने से पहले कश्मीर और बिहार में किस तरह से वोट डकैती होती थी ये पूरा देश जानता है।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी की दिवंगत मां का अपमान, स्मृति ईरानी बोलीं- पूरा देश आक्रोश में, विपक्ष को जवाब मिलेगा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे लोकतंत्र से मतलब नहीं है, उसे वोट छलावे से मतलब है। हम मांग करते हैं, चुनाव आयोग इसकी उच्च स्तरीय जांच करे और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करे।