मणिपुर में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में असंतोष बढ़ता जा रहा है। भाजपा के कई विधायक और कुछ मंत्री मुख्यमंत्री से नाराज बताए जा रहे हैं। इसी राजनीतिक हलचल के बीच बीरेन सिंह आठ विधायकों और मंत्रियों के साथ दिल्ली रवाना हुए, जहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होते ही सात अन्य विधायक और चार भाजपा पदाधिकारी भी एक चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली पहुंच गए। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला भी दिल्ली गए हैं, हालांकि उनकी यात्रा का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
कौन-कौन पहुंचे दिल्ली?
दिल्ली जाने वाले नेताओं में तीन कैबिनेट मंत्री – थोंगम बिश्वजीत सिंह, कोंथोजम गोविंदास और एल. सुसिंद्रो मैतेई शामिल हैं। इनके अलावा चार विधायक – खोंगबंताबम इबोमचा सिंह, सापम कुंजाकेशोर सिंह, करम श्याम सिंह और एस. प्रेमचंद्र भी दिल्ली पहुंचे हैं। भाजपा के चार पदाधिकारी – रॉबर्टसन एसेम, नगासेपम रामचंद्र, एस. डोनिल शर्मा और ए. मुनिंद्रजीत सिंह भी इस दौरे का हिस्सा हैं।
सरकार पर संकट के बादल?
सूत्रों का कहना है कि भाजपा विधायक थोंगाम राधेश्याम और कैबिनेट मंत्री वाई. खेमचंद सिंह अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। ये दोनों नेता पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हैं और उन्हें गृह मंत्री के कार्यालय से बुलावा मिला था।
भाजपा में बगावत के संकेत?
मणिपुर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के. देवव्रत सिंह ने दावा किया है कि भाजपा के कई विधायक मुख्यमंत्री के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह केवल अफवाह नहीं है, बल्कि सच्चाई है।” माना जा रहा है कि अमित शाह नाराज विधायकों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आगामी विधानसभा सत्र में भाजपा सरकार का बहुमत बना रहे।
मणिपुर में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है, और आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि भाजपा इस संकट से कैसे निपटती है।