Thursday, February 6, 2025
spot_img
Homeराष्ट्रीयमहाराष्ट्र और झारखंड में किसकी बनेगी सरकार, खत्म हुई वोटिंग, अब नतीजों...

महाराष्ट्र और झारखंड में किसकी बनेगी सरकार, खत्म हुई वोटिंग, अब नतीजों का इंतजार

महाराष्ट्र और झारखंड के दूसरे चरण के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक, झारखंड (द्वितीय चरण) 67.59% और महाराष्ट्र में 58.22% मतदान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार, गढ़चिरौली जिले में सबसे अधिक 69.63% मतदान हुआ, जबकि मुंबई शहर में सबसे कम 49.07% मतदान हुआ। ठाणे में 49.76% मतदान हुआ। ईसीआई द्वारा साझा किए गए अन्य मतदान आंकड़ों में शामिल हैं: मुंबई उपनगरीय 51.76%, नागपुर 56.06%, औरंगाबाद 60.83%, पुणे 54.09%, नासिक 59.85%, सतारा 64.16%, धुले 59.75%, पालघर 59.31%, रत्नागिरी में 60.35%, नांदेड़ में 55.88%, और लातूर 61.43% पर।
 

इसे भी पढ़ें: Bollywood Wrap Up | स्टैंडअप कॉमेडियन Bunty Banerjee ने उड़ाया Deepika Padukone के डिप्रेशन का मजाक

अधिकारियों ने बताया कि 9.7 करोड़ से अधिक मतदाता मैदान में मौजूद 4,136 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। महायुति गठबंधन में शामिल भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 59 सीट पर चुनाव लड़ रही है। विपक्षी गठबंधन एमवीए में शामिल कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार उतारे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) समेत छोटी पार्टियां भी चुनाव लड़ रही हैं। राज्य विधानमंडल के 288 सदस्यीय निचले सदन में बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार उतारे हैं।

झारखंड

अधिकारियों ने बताया कि 12 जिलों के 14,218 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू होकर पांच बजे संपन्न हुआ जबकि 31 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे संपन्न हुआ। हालांकि, इन सभी केंद्रों पर मतदान संपन्न होने के तय समय से पूर्व कतार में लगे लोगों को मतदान करने की अनुमति दी गयी। झारखंड चुनाव में सत्तारूढ़ झामुमो नीत इंडिया गठबंधन अपनी कल्याणकारी योजनाओं के बल पर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इसे हासिल करने की कोशिश कर रहा है। 
 

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में वोटिंग के बीच बिटकॉइन मामले ने पकड़ा तूल, रायपुर में गौरव मेहता के घर पहुंची ED की टीम

निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य के जामताड़ा जिले में सबसे अधिक 76.16 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद पाकुड़ में 75.88 प्रतिशत, देवघर में 72.46 प्रतिशत तथा रांची जिले में 72.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, रामगढ़ जिले में 71.98 प्रतिशत मतदान हुआ, दुमका में 71.74 प्रतिशत, गोड्डा में 67.24 प्रतिशत, साहेबगंज में 65.63 प्रतिशत, गिरिडीह में 65.89 प्रतिशत, हजारीबाग में 64.41 प्रतिशत और धनबाद में 63.39 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक सबसे कम मतदान बोकारो जिले में 60.97 प्रतिशत दर्ज किया गया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करने के पात्र थे, जिनमें 60.79 लाख महिलाएं और 147 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल थे। दूसरे चरण के चुनाव में कुल 528 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments