मुंबई में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर फटने के बाद एक दुकान में आग लगने से छह महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए। यह जानकारी स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने दी।
उन्होंने बताया कि घटना में तीन लोग लगभग 90 प्रतिशत तक जल गये हैं।
कांदिवली (पूर्व) में मिलिट्री रोड पर अकुरली मेंटेनेंस चौकी के पास राम किसान मेस्त्री चॉल की दुकान में सुबह 9.05 बजे आग लग गई।
एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि आग एक मंजिला दुकान में बिजली के तारों, खाद्य पदार्थों, एलपीजी सिलेंडर और गैस स्टोव तक ही सीमित थी।
अधिकारियों के अनुसार, इसमें सात लोग घायल हो गये हैं।
एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया, आग गैस सिलेंडर फटने के कारण लगी।
बीडीबीए अस्पताल में भर्ती होने वालों में रक्षा जोशी (47), दुर्गा गुप्ता (30) शामिल हैं, जो 85 से 90 प्रतिशत तक जल चुकी हैं। घटना में पूनम (28) भी 90 प्रतिशत तक जल चुकी हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों की पहचान नीतू गुप्ता (31) के रूप में हुई है जो 80 प्रतिशत जली हैं, जानकी गुप्ता (39) और शिवानी गांधी (51) दोनों 70 प्रतिशत जली हैं, तथा मनाराम कुमाकट (55) 40 प्रतिशत जल गए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि चार दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचे और सुबह 9.33 बजे तक आग बुझा दी गई।