आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार 2029 में लगातार चौथी बार सत्ता में लौटेगी।
एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले 11 सालों से जीत रहे हैं, तीसरा चुनाव खत्म हो गया। चौथा चुनाव भी, लिख लीजिए, फिर से राजग ही सत्ता में लौटेगा। इसमें कोई शक नहीं है। इस देश के भविष्य के लिए राजग का आना जरूरी है।’’
उन्होंने 11 सालों में भारत को 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए मोदी की तारीफ की।
नायडू ने कहा कि अमरावती में शुरू किए गए सभी कार्य अगले तीन वर्षों में पूरे हो जाएंगे, जिनमें 50,000 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रीनफील्ड राजधानी (अमरावती) का बुनियादी ढांचा 2028 तक तैयार हो जाएगा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमरावती का उद्घाटन करेंगे और इसे देश को समर्पित करेंगे।