उत्तराखंड प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक भूपतवाला स्थित होटल एवरलाइट में आयोजित की गई। पदाधिकारियों ने सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं व्यापार मंडल के प्रदेश संरक्षक श्री डी.डी. जोशी का हरिद्वार आगमन पर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने कहा कि डी.डी. जोशी सदैव व्यापारियों के हितों की पैरवी करते हैं। उनके पूर्व मार्गदर्शन से संगठन को काफी मजबूती मिली है। जोशी के मार्गदर्शन में संगठन सड़क से लेकर न्यायिक व्यवस्था तक पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।
प्रदेश संरक्षक डी.डी. जोशी ने कहा कि किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, चाहे वह कॉरिडोर हो या विस्थापन। उन्होंने कहा कि वे जिला न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक व्यापारी हितों और उनकी आजीविका के लिए संघर्ष करेंगे। कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने कहा कि संगठन व्यापारियों की आजीविका की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर लड़ने को तैयार है। जल्द ही एक प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी और अन्य संगठनों के साथ मिलकर व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष तेज प्रकाश साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रशेखर गोस्वामी, प्रदेश प्रचार सचिव गोकुल सिंह रावत, युवा जिला अध्यक्ष हरिद्वार विशाल गोस्वामी, हरिद्वार महानगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, मधुर अरोड़ा, सोनल गर्ग, नितिन शर्मा, राज कांडपाल, रिक्की अरोड़ा आदि शामिल रहे।