भुवनेश्वर पुलिस ने हरियाणा से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के रूप में खुद को पेश कर रहे थे और धोखाधड़ी की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहे थे। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान चौधरी रिंकू सैनी और मनिंदर सिंह के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों को मैत्रीविहार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया कि सैनी ने सामाजिक न्याय एवं महिला सशक्तीकरण आयोग का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का दावा किया था, जबकि ऐसा कोई पद है ही नहीं।
उन्होंने बताया कि आगे की जांच में पाया गया कि सैनी का किसी भी सरकारी आयोग में कोई वैधानिक पद नहीं है। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी मनिंदर सिंह ने खुद को सैनी का निजी सहायक बताया था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय से जुड़े होने का दावा करते हुए जाली दस्तावेज भी जमा किए थे।
मीणा ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया, उनके द्वारा प्रस्तुत पहचान पत्र और पत्र जाली पाए गए और पदनाम में भी विसंगतियां पाई गईं। उन्होंने अपने दौरे के कार्यक्रम भी एक जाली लेटरहेड पर भेजे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों ने धोखाधड़ी के इरादे से खुद को भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बताकर और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके जालसाजी की।