Saturday, March 15, 2025
spot_img
Homeराष्ट्रीयहिमाचल : कांग्रेस के पूर्व विधायक को अज्ञात लोगों ने गोली मारी

हिमाचल : कांग्रेस के पूर्व विधायक को अज्ञात लोगों ने गोली मारी

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
हमले में ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए। ठाकुर के पैर में गोली लगी है और उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर किया गया है, जबकि उनके निजी सुरक्षा अधिकारी(पीएसओ) को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा, ‘‘मैंने बंबर ठाकुर से बात की है और उनसे एम्स जाने का आग्रह किया है, लेकिन वह आईजीएमसी शिमला में इलाज कराना चाहते हैं। उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘गोलीबारी की घटना के पीछे जो लोग हैं, उन्हें पकड़ने के लिए सड़कों और फोरलेन पर अवरोधक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।’’

पूर्व विधायक, पत्नी को आवंटित सरकारी आवास के प्रांगण में अन्य लोगों के साथ होली मना रहे थे, तभी चार लोग आये और गोलीबारी शुरू कर दी।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं।

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावर कथित तौर पर मुख्य बाजार की ओर पैदल भागे हैं।

धवल ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
कांग्रेस नेता के बड़े भाई देश राज ठाकुर ने बताया कि बंबर ठाकुर अपनी जान बचाने के लिए कार के पीछे छिप गए। उनके निजी सुरक्षा अधिकारी को दो से तीन गोलियां लगीं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें संदेह है कि जिन लोगों ने पहले उन पर हमला किया था, उन्होंने ही दोबारा हमला करने की कोशिश की है। जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि ठाकुर पिछले एक साल से मादक पदार्थों के व्यापार, विशेषकर ‘चिट्टा (मिलावटी हेरोइन)’ के खिलाफ लड़ रहे हैं और उन्होंने असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
फरवरी 2024 में ठाकुर अपने बेटे पुरंजन ठाकुर की मौजूदगी में हुए एक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments