लखनऊ (सरोजनीनगर): सरोजनीनगर तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पहाड़पुर में एक ग्राम पंचायत सचिव पर इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगा है। मामले में गांव के एक निवासी ने पंचायती राज विभाग को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पहाड़पुर, बंथरा निवासी अखिलेश सिंह का आरोप है कि उन्होंने अपने ट्यूबवेल तक लगभग 100 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने के लिए ग्राम पंचायत सचिव अरविंद साहू से संपर्क किया था। उनके अनुसार सचिव ने शुरुआत में काम कराने की बात कही, लेकिन बाद में इसके बदले पैसे की मांग करने लगे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने इसे सरकारी कार्य बताते हुए पैसे देने से सवाल उठाया, तो सचिव ने कथित तौर पर कहा कि इस तरह के कार्यों के लिए ऊपर तक अधिकारियों को पैसा देना पड़ता है। अखिलेश सिंह का आरोप है कि सचिव ने उनसे फोनपे के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में करीब 80 हजार रुपये ले लिए, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनके पास ऑनलाइन भुगतान से जुड़े सभी सबूत मौजूद हैं। पीड़ित का कहना है कि जब वह काम की प्रगति के बारे में पूछते हैं तो उनसे फिर से पैसे की मांग की जाती है।
ग्राम सचिव ने किया खंडन
वहीं, इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत सचिव अरविंद साहू ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनसे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की गई है और जिस सड़क के नाम पर पैसे लेने की बात कही जा रही है, वह सड़क बनी ही नहीं है।
उधर, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच अभी नहीं हुई है। उनका कहना है कि शिकायत की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


