ग्लास्गो, 27 जुलाई भारत के लंबी कूद के खिलाड़ी एम श्रीशंकर ने सोमवार को यहां अपने पहले ही प्रयास में क्वालीफाइंग स्तर पार करके राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में जगह बना ली। श्रीशंकर ने ग्रुप ए में अपने पहले ही प्रयास में 8.01 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह बना ली। उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.38 मीटर है।
फाइनल के लिए क्वालीफाइंग स्तर आठ मीटर या सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कम से कम 12 खिलाड़ी हैं। सत्ताइस साल के श्रीशंकर को उम्मीद है कि वह 2022 में खेलों के पिछले सत्र में जीते रजत पदक को बेहतर करेंगे। अप्रैल 2024 में घुटने की चोट से उबरने के बाद वह वापसी की राह पर हैं।
उनका ‘पटेला टेंडन’ फट गय था और यह चोट उनके करियर के लिए खतरा बन गई थी। उनकी सर्जरी भी हुई थी। इस चोट की वजह से वह पेरिस ओलंपिक से चूक गए थे।
उन्होंने पिछले महीने ही भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। लोकेश सत्यनाथन इस स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले दूसरे भारतीय हैं और वह ग्रुप बी में चुनौती पेश करेंगे। फाइनल 29 जुलाई को होगा।


