back to top
Tuesday, July 28, 2026
Homeखेलराष्ट्रमंडल खेल: श्रीहरि नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंचे, साजन...

राष्ट्रमंडल खेल: श्रीहरि नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंचे, साजन प्रकाश 50 मीटर बटरफ्लाई से बाहर

ग्लास्गो, 28 जुलाई भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में 100 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि अनुभवी साजन प्रकाश मंगलवार को यहां क्वालीफाइंग राउंड में हीट (शुरुआती दौर) से ही बाहर हो गए। नटराज 55.58 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में पांचवें और कुल 13वें स्थान पर रहे। प्रारंभिक दौर से 16 सबसे तेज तैराकों को आगे प्रवेश मिलता है।

सेमीफाइनल देर रात होगा। नटराज की 50 मीटर के बाद टाइमिंग 26 . 26 सेकेंड थी। उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 53 . 77 सेकेंड है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

वहीं साजन अपनी हीट में आठवें और कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहने के बाद पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। 32 वर्ष के साजन क्वालीफाइंग के नौवें और अंतिम ग्रुप का हिस्सा थे। उन्होंने 24.94 सेकेंड का समय लिया और इस तरह से प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब भी नहीं पहुंच सके जो 23.83 सेकेंड है। यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। दो बार के ओलंपियन साजन सोमवार को 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में आठवें और अंतिम स्थान पर रहे थे।

उन्होंने एक मिनट 58.05 सेकेंड का समय लिया था। उनका यह प्रदर्शन भी निराशाजनक था क्योंकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक मिनट 56.38 सेकेंड है। दो बार के ओलंपियन और 25 वर्ष के नटराज भारत की चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम में भी थे जो फाइनल में छठे स्थान पर रही थी।

पैरा तैराकी की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भारत के आरवीवीबीके बुदिगिना और अली इमाम क्वालीफाइंग में क्रमश: छठे और आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। बुदिगिना ने 26.66 सेकेंड जबकि इमाम ने 28.41 सेकेंड का समय लिया। भारत के लिये राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में एकमात्र पदक प्रशांत करमाकर ने जीता है जो दिल्ली में 2010 में हुए खेलों में 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस9 पैरा वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular