back to top
Thursday, July 30, 2026
Homeखेलताइपे ओपन: एचएस प्रणय और उन्नति हुडा दूसरे दौर में पहुंचे, किरण,...

ताइपे ओपन: एचएस प्रणय और उन्नति हुडा दूसरे दौर में पहुंचे, किरण, तरुण और देविका भी जीते

ताइपे सिटी, 29 जुलाई अनुभवी शटलर एचएस प्रणय और उन्नति हुडा ने सीधे गेम में जीत दर्ज करके बुधवार को यहां ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश किया। सातवीं वरीयता प्राप्त प्रणय ने पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के मिनोरू कोगा को 21-11 21-14 से हराया। अब उनका सामना हांगकांग के जेसन गुनावन से होगा, जिन्होंने एक अन्य भारतीय खिलाड़ी मिथुन मंजुनाथ को 21-18 21-4 से हराया।

पुरुष एकल में किरण जॉर्ज और थारुन मन्नेपल्ली भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। जॉर्ज ने चीनी ताइपे के वांग पो-वेई को 21-10 21-18 से जबकि मन्नेपल्ली ने कोरिया के आठवें वरीय जियोन ह्योक जिन को 21-12 21-15 से हराया। जॉर्ज और मन्नेपल्ली अगले दौर में एक-दूसरे का सामना करेंगे।

लेकिन पुरुष एकल क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले रौनक चौहान इंडोनेशिया के रिची दुता रिचार्डो से 14-21 16-21 से हार गए। महिला एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति ने अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करते हुए ताइपे की पेई यू वांग को 21-12, 21-18 से हराया। अब उनका मुकाबला हमवतन तान्या हेमंत से होगा, जिन्होंने ताइपे की ही वेन ची सू को कड़े मुकाबले में 21-16, 14-21, 21-16 से पराजित किया।

भारत की अन्य खिलाड़ियों में आठवीं वरीयता प्राप्त देविका सिहाग, तन्वी शर्मा और अनमोल खरब भी महिला एकल के अगले दौर में पहुंच गईं। देविका ने कोरिया की गा यून पार्क को 14-21 21-7 21-15 से, तन्वी ने हमवतन तस्नीम मीर को 21-16 22-20 से और अनमोल ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 21-15 11-21 21-19 से हराया। देविका का अगला मुकाबला इंडोनेशिया की कडेक ढिंडा अमर्त्य प्रतिवी से होगा, जिन्होंने भारत की रक्षिता श्री संतोष रामराज को 21-10, 20-22, 21-14 से हराया।

तन्वी का मुकाबला अब इंडोनेशिया की थालिता रामधानी विरियावान से होगा, जबकि अनमोल का सामना चीनी ताइपे कीदूसरी वरीयता प्राप्त ह्सियांग टी लिन से होगा। लिन ने भारत की अश्मिता चालिहा को 16-21 21-14 21-15 से हराया था। भारत की एक अन्य खिलाड़ी श्रीयांशी वलीशेट्टी को थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिडा कटेथोंग से 11-21 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular