भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कटक में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए लंबे समय बाद अर्धशतक लगाया। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा कटक में अलग ही रंग में नजर आए और उन्होंने ना सिर्फ अर्धशतक लगाया बल्कि एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली।
रोहित ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। रोहित यह उपलब्धि हासिल करने से 50 रन ही दूर थे और उन्होंने जैसे ही अर्धशतक पूरा किया, वह सचिन को पीछे छोड़ने में सफल रहे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सर्वाधिक रन बनाने भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सचिन 346 मैचों में 15335 रन बनाकर तीसरे स्थान पर आ गए हैं, जबकि रोहित दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग शीर्ष पर हैं, जिन्होंने ओपनर के तौर पर 321 मैचों में 41.90 के औसत से 15758 रन बनाए हैं।
रोहित पहुंचे सातवें स्थान पर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित फिलहाल सातवें स्थान पर चल रहे हैं। सनथ जयसूर्या इस सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि इसके बाद क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, ग्रीम स्मिथ, देसमोंड हेन्स और सहवाग का नंबर आता है। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक लगाया जो उनका वनडे में चौथा सबसे तेज पचासा है। रोहित ने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था, जो उनका इस प्रारूप में सबसे तेज पचासा था।
रोहित ने गेल को भी पीछे छोड़ा
रोहित ने वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ा दिया है। रोहित ने जैसे ही पारी का अपना दूसरा छक्के लगाया, वह गेल से आगे निकल गए। रोहित वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ शाहिद अफरीदी हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 351 रन छक्के लगाए हैं। गेल ने अपने करियर में 331 वनडे छक्के लगाए, जबकि रोहित अब तक 335 छक्के लगा चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज:
बल्लेबाज | रन | मैच |
---|---|---|
सनथ जयसूर्या | 19298 | 506 |
क्रिस गेल | 18867 | 374 |
ग्रीम स्मिथ | 16950 | 342 |
देसमोंड हेन्स | 16120 | 354 |
वीरेंद्र सहवाग | 16119 | 332 |
रोहित शर्मा | 15366* | 343 |
सचिन तेंदुलकर | 15335 | 346 |