Saturday, October 18, 2025
spot_img
Homeराष्ट्रीयदिल्ली में विधानसभा नई, हंगामा वही, नवगठित विधानसभा के पहले दिन दिखा...

दिल्ली में विधानसभा नई, हंगामा वही, नवगठित विधानसभा के पहले दिन दिखा बदला-बदला-सा नजारा

नवगठित दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हुआ और 27 साल बाद भाजपा के विधायक सत्ता पक्ष में बैठे। दिल्ली में लगभग 11 साल राज करने वाली आम आदमी पार्टी के विधायक विपक्षी बेंचों पर बैठे। दिल्ली विधानसभा का नजारा आज एकदम बदला हुआ था। जहां पहले भाजपा विधायक हंगामा और प्रदर्शन करते थे वहीं आज यह काम विपक्षी आम आदमी पार्टी के विधायक करते नजर आये। हालांकि पहले दिन की कार्यवाही विधायकों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाने और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव जैसी औपचारिकताएं पूरी करने पर केंद्रित रहीं। लेकिन पहले ही दिन जिस तरह के तेवर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने दिखाये उससे यह तो साबित हो गया है कि दिल्ली विधानसभा का सत्र हंगामेदार रहेगा। दिल्ली विधानसभा इस मायने में भी देश में अनोखी विधानसभा है क्योंकि यहां सदन की नेता यानि मुख्यमंत्री भी महिला हैं और नेता प्रतिपक्ष भी महिला हैं। 
जहां तक विधायकों की शपथ की बात है तो आपको बता दें कि विधायकों ने हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, मैथिली और पंजाबी सहित छह भाषाओं में शपथ ली, जो विधायिका की भाषाई विविधता को दर्शाता है। सत्र शुरू होने से पहले राज निवास में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली की आठवीं विधानसभा के ‘प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) के रूप में शपथ दिलाई। इसके बाद, लवली ने सबसे वरिष्ठ विधायक होने के नाते सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई। सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने और फिर उनके मंत्रिमंडल में शामिल छह मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और गृह मंत्री आशीष सूद ने शपथ ली। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी में, जबकि कानून एवं न्याय मंत्री कपिल मिश्रा ने संस्कृत में शपथ ग्रहण की।

इसे भी पढ़ें: Chai Par Sameeksha: Rekha Gupta क्या Delhi को Arvind Kejriwal और AAP से पूरी तरह निजात दिला पाएंगी?

कई अन्य विधायकों ने अलग-अलग भाषाओं में शपथ ली। करनैल सिंह ने शपथ ग्रहण के लिए पंजाबी, जबकि प्रद्युम्न राजपूत और नीलम पहलवान ने संस्कृत को चुना। वहीं, भाजपा के तरविंदर मारवाह ने शपथ ग्रहण के बाद धार्मिक नारे लगाए, जिस पर ‘प्रोटेम स्पीकर’ ने आपत्ति जताई और उन्हें याद दिलाया कि यह गुरुद्वारा नहीं है। अमानतुल्ला खान और चौधरी जुबैर ने उर्दू, चंदन चौधरी ने मैथिली, अजय दत्त ने अंग्रेजी और गजेंद्र यादव ने संस्कृत में शपथ ली। इस दौरान, ‘प्रोटेम स्पीकर’ सदस्यों को लगातार शपथ के आधिकारिक प्रारूप का पालन करने का निर्देश देते रहे। संस्कृत में शपथ ग्रहण करने वाले अन्य विधायकों में संजय गोयल, जितेंद्र महाजन, अजय महावर और करनैल सिंह शामिल हैं। वहीं, अनिल झा ने मैथिली में शपथ ग्रहण की। विपक्ष की नेता और कालकाजी सीट से विधायक आतिशी ने भी शपथ ली। वहीं, चलने में दिक्कत के कारण गोपाल राय ने आतिशी की मदद से अपनी सीट से ही शपथ ली। मोहन सिंह बिष्ट शपथ लेने वाले आखिरी विधायक थे।
इसके बाद, तीन बार के भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता को आठवीं दिल्ली विधानसभा के प्रथम सत्र में नया विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रोहिणी सीट से निर्वाचित विधायक के चुनाव के लिए दो प्रस्ताव पेश किए। एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने और दूसरा कैबिनेट मंत्री रविंदर इंद्राज ने पेश किया। इन प्रस्तावों का समर्थन मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश वर्मा ने किया। इन प्रस्तावों को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। चुनाव ‘प्रोटेम स्पीकर’ अरविंदर सिंह लवली ने कराया। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष नये विधानसभा अध्यक्ष को उनके आसन तक ले गए।
वहीं दूसरी ओर, दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने विपक्ष की नेता आतिशी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपये देने के वादे को पूरा करने की मांग को लेकर किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के बाद आतिशी ने कहा, “हमने दो दिन पहले मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा था, लेकिन हमें समय नहीं दिया गया। इसलिए हम विधानसभा परिसर में उनके दफ्तर के बाहर हैं। हम उनसे प्रधानमंत्री मोदी के वादे पर बात करना चाहते हैं जिसमें कहा गया था कि पहली कैबिनेट बैठक के बाद महिलाओं को 2,500 रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री का वादा अब झूठा साबित हो रहा है।”
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments