प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुनीता विलियम्स को बधाई दी तथा बुच विल्मोर के साथ धरती पर कदम रखने पर उनका स्वागत किया। मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण मानव क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाने के बारे में है, सुनीता विलियम्स ने अपने पूरे करियर में इसका उदाहरण पेश किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘क्रू 9’ की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम करने वाले सभी लोगों पर गर्व है। उन्होंने लिखा आपका स्वागत है, क्रू9! धरती ने आपको याद किया।
इसे भी पढ़ें: Sunita Williams धरती पर लौटने के बाद जल्द आ सकती हैं भारत, इस रिश्तेदार ने दी जानकारी
नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि यह उनके धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है। सुनीता विलियम्स और क्रू9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का वास्तव में क्या मतलब है। विशाल अज्ञात के सामने उनका अडिग दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण का मतलब है मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखने का साहस करना और उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस करना। सुनीता विलियम्स, एक अग्रणी और एक आइकन, ने अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण दिया है।
इसे भी पढ़ें: Donald Trump ने कहा -वादा किया गया, वादा निभाया गया, क्रू-9 अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी की सराहना की, Elon Musk को दिया धन्यवाद
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें उन सभी लोगों पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर बुधवार को प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी सफलता अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है। नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद बुधवार तड़के पृथ्वी पर लौट आए।