झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान मची भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है।
सोरेन ने इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
मौनी अमावस्या के अवसर पर बुधवार तड़के संगम क्षेत्र में भगदड़ मच गयी, करोड़ो श्रद्धालु स्नान के लिए संगम तट पर उमड़े थे। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गयी।
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि महाकुंभ में भगदड़ की दुखद खबर सुनकर मन व्यथित है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
इस घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस घटना की गहन जांच करेगी और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
सोरेन ने कहा, हमें ऐसी त्रासदियों से सबक लेना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इसके लिए उचित सुरक्षा प्रबंध किए जाने चाहिए।