महाराष्ट्र के पालघर जिले में भयंदर क्रीक पुल से गुजर रही एक लोकल ट्रेन में से लापरवाही से फेंके गए नारियल की चपेट में आने से 31 वर्षीय एक पैदल यात्री की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह भयंदर क्रीक ब्रिज पर गुजर रही एक ट्रेन से नारियल फेंका गया था, यह नारियल निर्माल्य था जिसे जल में विसर्जित करने के लिये फेंका गया था।
उन्होंने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान संजय दत्ताराम भोयर के रूप में हुई है। वह काम पर जाने के लिए रेलवे पुल से गुजर रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम के चलते नौका सेवा बंद होने के कारण भोयर पंज़ू द्वीप से नायगांव पहुंचने के लिए रेलवे पुल का वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल कर रहे थे।
एक लोकल ट्रेन के यात्री ने निर्माल्य विसर्जन के लिए नारियल फेंका, जो सीधे भोयर के कान और आंख के बीच जाकर लगा। उन्हें तुरंत वसई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए मुंबई के जे.जे. अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।