मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक कैडर को बिष्णुपुर जिले के केरेनफाबी मानिंग लेइकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि खुमुकचाम बीरेन मेइती (40) पर दुकानदारों, स्कूलों और कॉलेजों से वसूली करने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित संगठन के एक और स्वयंभू लेफ्टिनेंट को शनिवार को जिले के निंगथौखोंग इलाके से गिरफ्तार किया गया।
खानगेमबाम मंगलेम्बा सिंह (46) सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही पर नजर रखता था और अपने संगठन के सदस्यों के साथ जानकारी साझा करता था।
पीएलए मुख्य रूप से पड़ोसी म्यांमा स्थित अपने शिविरों से सक्रिय है।
यह संगठन 19 सितंबर को नाम्बोल सबल लेइकाई में असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में शामिल था, जिसमें दो जवान मारे गए थे।
इस बीच, प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को रविवार को इंफाल वेस्ट जिले के नाओरेमथोंग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान राजकुमार सनथोई सिंह (18) के रूप में हुई है और उस पर ‘वैली’ इलाके में कारोबारियों से वसूली करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल बरामद की गई है।