हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में सोमवार को एक निजी बस के पलट जाने से कम से कम 10 यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 30 यात्री सवार थे और वे एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी सोलन और बिलासपुर जिले की सीमा पर लुहारघाट के निकट जोबी गांव में यह दुर्घटना हुई।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बिलासपुर एम्स पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं तथा विस्तृत विवरण का इंतजार है।