देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने में अब महज एक सप्ताह का ही समय रह गया है। जिसको लेकर प्रभासाक्षी की टीम पूरे दिल्ली में घूम कर राज्य के चुनावी माहौल को समझने की कोशिश कर रही है। इस दौरान हमारी टीम ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में जाकर लोगों से बात की। दिल्ली की यह सीट लंबे समय तक कांग्रेस के कब्जे में रही है। इसके बाद यहां आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती का 2013 से लगातार कब्जा बना हुआ है। इस बार यहां मुकाबले काफी खड़ा हो गया है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को मैदान में उतारा है।
हमारी टीम को विधानसभा क्षेत्र में घुसते ही चारों तरफ टूटी हुई सड़क और बिखरा हुआ कूड़ा नजर आया। विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों ने अरविंद केजरीवाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार में निश्चित रूप से इस विधानसभा क्षेत्र में काम हुआ है और उन्हें बिजली, पानी भी पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। तो वहीं, मालवीय नगर के अन्य दुकानदारों ने भी बताया कि इस क्षेत्र में विकास को लेकर कोई भी कामकाज नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस बार के चुनाव में दिल्ली का माहौल बदलने वाला है।
लोगों के मुताबिक इस बार सोमनाथ भारती का हारना तय है। मालवीय नगर के कई मतदाताओं ने बताया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने शीला दीक्षित के शासनकाल में बने हुए कामों में ही थोड़ा बहुत सुधार किया है। इसके अलावा उन्होंने कोई भी नए निर्माण कार्य नहीं करवाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में बिजली और पानी को लेकर कोई भी समस्या नहीं है और हाल ही में गैस की पाइपलाइन का निर्माण कर भी जोरों पर चल रहा हैय़
तो वहीं क्षेत्र के कई लोगों ने आम आदमी पार्टी की सरकार से नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क जगह-जगह पर खुदी ही हुई है। विधायक भारती खुद से कभी मुआयना करने नहीं आते हैं। उनको बार-बार बुलाने पर ही वे निरीक्षण करने के लिए क्षेत्र में आते हैं। क्षेत्र के एक पार्क में बैठे कई मतदाताओं ने बताया कि इस समय देश और दिल्ली को बीजेपी की जरूरत है, इसलिए इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है।