रविवार को पेरिस के प्रतिष्ठित लौवर म्यूज़ियम में दिनदहाड़े हुई चोरी ने पूरे फ्रांस को हैरान कर दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार कुछ हथियारबंद चोर बेहद पेशेवर तरीके से महज़ सात मिनट में संग्रहालय की ऐतिहासिक गैलरी से बहुमूल्य शाही गहने लेकर फरार हो गए। आश्चर्यजनक रूप से उन्होंने भागते वक्त एक हीरे-मोती जड़ा ताज नीचे गिरा दिया, जो क्षतिग्रस्त हालत में म्यूज़ियम के पास बरामद हुआ है।
मौजूद सूत्रों के मुताबिक चोर एक पावर-ऑपरेटेड फर्नीचर लिफ्ट के ज़रिये गैलरी तक पहुंचे, जहां 19वीं सदी की महारानी यूजिनी का ताज मौजूद था। यह वही गैलरी है जिसे “Apollo’s Gallery” कहा जाता है और जिसमें फ्रांस की ऐतिहासिक शाही धरोहरें रखी गई हैं। बताया जा रहा है कि यह चोरी सुबह 9:30 से 9:40 के बीच हुई, जबकि संग्रहालय 9 बजे ही आम लोगों के लिए खोला गया था।
चश्मदीदों के अनुसार चोर स्कूटर पर आए और बिजली से चलने वाले औज़ारों की मदद से बेहद तेज़ी से खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। कुछ ही मिनटों बाद वे गहने लूटकर उसी स्कूटर पर सवार होकर फरार हो गए। इस घटना के दौरान म्यूज़ियम के बाहर मौजूद लोग और पर्यटक भय और अचंभे में नजर आए। एक अमेरिकी पर्यटक ने इसे ‘हॉलीवुड मूवी’ जैसा सीन बताया।
गौरतलब है कि यह घटना पेरिस पुलिस मुख्यालय से महज़ 800 मीटर की दूरी पर हुई है। फ्रांस के आंतरिक मंत्री लॉरेंट नेज़ ने कहा कि शुरुआती जांच में तीन से चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है और यह गहने इतने दुर्लभ और ऐतिहासिक हैं कि इन्हें मौजूदा स्वरूप में बेचना लगभग असंभव होगा। यही कारण है कि विशेषज्ञों को आशंका है कि चोर इन्हें तोड़कर रत्न और धातु के रूप में बेचने की कोशिश कर सकते हैं।
बता दें कि फ्रांस के म्यूज़ियम्स में हाल के महीनों में चोरी की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। कुछ सप्ताह पहले नेचुरल हिस्ट्री म्यूज़ियम से 6 लाख यूरो मूल्य का सोना चोरी हुआ था और लिमोज़ शहर के संग्रहालय से कीमती कलाकृतियां ले जाई गई थीं। हालांकि लौवर म्यूज़ियम से चोरी की घटनाएं अत्यंत दुर्लभ मानी जाती हैं।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले की बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है और म्यूज़ियम को सबूतों की सुरक्षा के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना फ्रांस के सांस्कृतिक विरासत स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और आने वाले दिनों में बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं।