कुछ डिशेज ऐसी होती हैं, जो न सिर्फ झटपट बनती हैं, बल्कि टेस्टी और सुपर हेल्दी भी होती हैं। अंडा भुर्जी इन्हीं में से एक है। सुबह ऑफिस के लिए जल्दी में हों या कुकिंग में थोड़ी मुश्किल हो रही हो, अंडा भुर्जी हमेशा एक आसान विकल्प है। यह प्रोटीन से भरपूर नाश्ता सेहत-conscious लोगों की लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप बिना अंडे के भी अंडा भुर्जी बना सकते हैं? जी हां, यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन बिना अंडे के भी एक शानदार और स्वादिष्ट भुर्जी बनाई जा सकती है। यदि आप वेजिटेरियन हैं या किसी और वजह से अंडा नहीं खा रहे हैं, तो आपको यह प्रोटीन रिच एगलेस अंडा भुर्जी जरूर ट्राई करनी चाहिए।
सामग्री
- बेसन: 1 कप
- अलसी के बीजों का पाउडर: 1 चम्मच
- फ्रेश दही: 4-5 चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- पानी: 1/3 कप
- प्याज: 1 (बारीक कटी हुई)
- शिमला मिर्च: 1/2 (कटी हुई)
- गाजर: 1/2 (कटी हुई)
- टमाटर: 1/2 (कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 2
- हल्दी: 2 चम्मच
- लाल मिर्च: 1 चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
एगलेस भुर्जी बनाने की विधि
- बैटर तैयार करें: एक बड़े बाउल में बेसन, अलसी के बीजों का पाउडर, दही, पानी और नमक डालकर एक गाढ़ा घोल बनाएं। यह बैटर डोसा के बैटर की तरह होना चाहिए।
- सब्जियों को भूनें: गैस पर एक पैन या तवा गर्म करें। उसमें थोड़ा सा तेल डालें और सरसों के दाने डालकर चटका लें। फिर कटी हुई प्याज डालकर सुनहरी होने तक भुनें।
- टमाटर और सब्जियाँ मिलाएं: टमाटर डालें और उन्हें नरम होने तक पकाएं। फिर शिमला मिर्च, गाजर और हरी मिर्च डालकर सब्जियों को पकाएं।
- मसाले डालें: पकते समय हल्दी, जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं।
- बैटर डालें: सब्जियों को पैन पर फैला दें और फिर ऊपर से बेसन वाला बैटर डालें। बैटर को पूरे पैन पर अच्छे से फैलाएं।
- पकने दें: इसे ढककर कुछ मिनटों के लिए पकने दें। जब बेसन हल्का पकने लगे, तो इसे चलाते रहें। पकाते रहें जब तक इसका टेक्सचर भुर्जी की तरह न हो जाए और रंग थोड़ा ब्राउन न हो जाए।
- सर्व करें: पकने के बाद गरमा-गरम भुर्जी को पराठे, रोटी या ब्रेड के साथ परोसें।
यह एगलेस भुर्जी न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर और झटपट तैयार हो जाती है। अगली बार जब आपको जल्दी में नाश्ता बनाना हो, तो इसे जरूर ट्राई करें!