back to top
Monday, July 27, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअमेरिका के सिएटल में ‘फूड फेस्टिवल’ में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत...

अमेरिका के सिएटल में ‘फूड फेस्टिवल’ में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत और चार घायल, एक संदिग्ध गिरफ्तार

सिएटल, 27 जुलाई (एपी) अमेरिका के सिएटल शहर स्थित ऐतिहासिक टावर ‘स्पेस नीडल’ के पास रविवार शाम आयोजित एक ‘फूड फेस्टिवल’ के दौरान गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य की तलाश कर रही है। जांचकर्ताओं का मानना है कि दोनों संदिग्ध एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे।

हालांकि एक संदिग्ध अब भी फरार है, लेकिन सिएटल पुलिस के सहायक प्रमुख टाइरोन डेविस ने रविवार रात एक प्रेसवार्ता में कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। डेविस ने बताया कि पुलिस के पास फरार संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर हुआ क्या था।’’
अधिकारियों के अनुसार, दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि दो वर्षीय एक बच्चे सहित चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। डेविस ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस घटना में जान गंवाने वाला कोई व्यक्ति टकराव में शामिल था या नहीं। गोलीबारी रविवार शाम करीब छह बजे तीन दिवसीय वार्षिक ‘फूड फेस्टिवल’ ‘बाइट ऑफ सिएटल’ में हुई।

इस आयोजन में हर साल खुदरा विक्रेता आदि भाग लेते हैं। डेविस ने बताया कि कार्यक्रम की सुरक्षा में सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात थे और उनमें से कुछ ने एक संदिग्ध को गोली चलाते हुए देखा। उन्होंने बताया कि एक संदिग्ध ने मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूरे परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन सेवा के दल मौके पर पहुंचे और सिएटल सेंटर परिसर तथा आसपास के इलाके को खाली कराया। प्रत्यक्षदर्शी फेथ एडिया हंटर ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ एक विक्रेता से खाना लेकर लौटी ही थीं कि अचानक गोलियां चलने लगीं।

उन्होंने बताया कि उन्हें एहसास हुआ कि हमलावर उनके बेहद करीब है, इसके बाद वह और कई अन्य लोग पास स्थित ‘सिएटल चिल्ड्रन्स म्यूज़ियम’ में जाकर छिप गए। हंटर ने कहा, ‘‘जब गोलीबारी शुरू हुई, हम उसके (हमलावर) बिल्कुल पास थे, इसलिए हम तुरंत भागने लगे। भीड़ के साथ हम भी दौड़कर इमारत के अंदर चले गए।’’
घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई।

कई विक्रेता अपने ‘फूड स्टॉल’ छोड़कर बाहर की ओर भाग गए। कई घंटों बाद भी कुछ विक्रेता पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के बाहर इस इंतजार में खड़े रहे कि उन्हें अपने टेंट, खाने-पीने की सामग्री और खाना बनाने के उपकरण लेने के लिए कब अंदर जाने दिया जाएगा। ‘फूड फेस्टिवल’ में स्टॉल लगाने वाले रोबर्टो रामिरेज ने बताया कि पहले उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी।

इसके बाद लोगों ने ‘शूटर… शूटर’ चिल्लाना शुरू कर दिया और हर तरफ भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा, ‘‘अचानक पूरा इलाका खाली हो गया। लोग बेहद घबरा गए थे।’’
रामिरेज ने बताया कि अफरा-तफरी के बाद भी कई लोग घटना से अनजान होकर महोत्सव में पहुंचते रहे, लेकिन पुलिस उन्हें तुरंत वहां से लौटने के लिए कह रही थी।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी एस्टन वाकोनाबो ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ एक फोटो बूथ की कतार में खड़े थे तभी पीछे से किसी ने उन्हें धक्का दिया और जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बड़ी संख्या में लोग जान बचाने के लिए भागते दिखे। वाकोनाबो ने कहा, ‘‘लोग छिपने की कोशिश कर रहे थे, एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे, कई लोग जमीन पर गिर रहे थे और बच्चों के स्ट्रॉलर (गाड़ियां) गिरे हुए थे।’’ उन्होंने बताया कि इसी दौरान उन्हें गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। वाकोनाबो ने बताया कि पहले उन्होंने अपनी मित्र को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फिर तस्वीरें लेने के लिए घटनास्थल पर लौटे।

वाकोनाबो ने बताया कि वहां उन्होंने कई लोगों को जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। ‘बाइट ऑफ सिएटल’ वार्षिक ‘फूड फेस्टिवल’ की शुरुआत 1982 में हुई थी। आयोजकों की वेबसाइट के अनुसार, इस तीन दिवसीय आयोजन में हर वर्ष लगभग साढ़े तीन लाख लोग आते हैं और भोजन, पेय पदार्थों और सामुदायिक उत्सव का आनंद उठाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular