उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने पर ग्राम सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल में 8 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह रहे। 8 साल बेमिसाल कार्यक्रम का मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह व वीएस लक्ष्मी तथा भाजपा गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ग्राम सिरसा, बिरौंडा व डाढा के किसानों की आबादी के भूखंडों का एक सप्ताह के अंदर समाधान किया जाएगा। किसान अपनी आबादी के भूखंडों लिए बहुत दिनों से संघर्ष कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें: Sansad Diary: लोकसभा में क्या हुआ? स्पीकर की नसीहत पर क्यों नाराज हुए राहुल गांधी?
मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने उपस्थित लोगों के सम्मुख उत्तर प्रदेश सरकार के जनकल्याण के कार्यों और उपलब्धियों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बन चुका है। यहां के किसानों और नौजवानों ने वह दौर भी देखा है, जब तत्कालीन सरकारों में किसानों की जमीनों को जबरन छीना जाता था और किसानों पर गोलियां बरसाई जाती थीं। पूर्ववर्ती सरकारों के मंत्री और उनके रिश्तेदार खुलेआम लूट करते थे। किसानों से जमीन छीनकर तत्कालीन सरकारें, अपने बिल्डर और उद्योगपति मित्रों को देती थी, लेकिन आज वर्तमान की उत्तर प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ विकास की परियोजनाओं के लिए ली जाने वाली जमीनों का होने वाले अधिग्रहण के लिए किसानों से सीधा संवाद करते हैं। पूर्व की सरकारों की गलत नीतियों की वजह से किसान आए दिन सड़कों पर अपना हक मांग रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार तत्कालीन सरकारों के पापों को धोने का काम कर रही है।
जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ जी ने महाकुंभ के माध्यम से संदेश दिया है कि इस राष्ट्र से बड़ा कुछ नहीं। महाकुंभ में 66 करोड़ से भी अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। यह संख्या अमेरिका, रूस और यूरोप के कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक थी।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अंत में कहा कि 2014 में देश की कमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और 2017 में उत्तर प्रदेश की कमान योगी आदित्यनाथ जी ने संभाली। हम उस सनातन संस्कृति के लोग हैं, जहां दूसरे धर्म के लोगों को भी सम्मान की नजरों से देखा जाता है तथा हमारी संस्कृति में विदेशियों को भी गले लगाया जाता है। पूरी दुनिया के लोग हिंदुस्तान में शोध के लिए आते थे।
इसे भी पढ़ें: येदियुरप्पा सरकार के दौरान 40 हजार करोड़ के घोटाले का लगाया था आरोप, BJP ने विधायक बसंगौड़ा पाटिल को 6 साल के लिए किया निष्कासित
कार्यक्रम में जिलाधिकारी जनपद गौतमबुद्धनगर मनीष वर्मा ने भी अपने संबोधन ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश, देश का ग्रोथ इंजन है। कभी उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन पिछले 8 वर्षों में वहीं प्रदेश देश का सबसे विकसित राज्य बनने की तरफ अग्रसर है। केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान और उनके जीवन स्तर को उन्नत बनाना है।
आज के इस कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर श्रीमती चारुल यादव, बीडीओ जेवर अशोक पाल, पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, भाजपा गौतम बुद्ध नगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती रजनी तोमर, नगर पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष संजय तुगलपुर, पूर्व अध्यक्ष साबिर कुरैशी, मंडल अध्यक्ष कासना दिनेश भाटी, अमित भाटी, अमित शर्मा, नीरज शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।