दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है।
भारत मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 60 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाएं चली और बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
नरेला, पीतमपुरा और मयूर विहार स्थित वेधशालाओं ने 0.5 मिमी बारिश दर्ज की।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘दिल्ली में बादलों के एक नए तंत्र ने प्रवेश किया है जिससे हल्की बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। इस तंत्र के दिल्ली से समान तीव्रता के साथ गुजरने की उम्मीद है।’’
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजे 162 रही जो मध्यम श्रेणी में आती है।