back to top
Wednesday, July 29, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयभारत सीमा से लगे नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक तनाव के...

भारत सीमा से लगे नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक तनाव के बाद अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 28 जुलाई भारत से लगे नेपाल के पूर्वी सुनसरी जिले के कुछ हिस्सों में मंगलवार को कर्फ्यू को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया। जिले में रविवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव बना हुआ है। सुनसरी जिला प्रशासन कार्यालय (डीएओ) ने बताया कि कोशी प्रांत के सुनसरी जिले के कई इलाकों में मंगलवार को सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू रही।

मुख्य जिला अधिकारी ईश्वर प्रसाद आर्याल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और स्थानीय हितधारकों के साथ बैठक कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा की। बैठक के बाद सहायक मुख्य जिला अधिकारी पोशन लामिछाने ने कहा, कर्फ्यू अनिश्चितकाल तक या अगले आदेश तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सुनसरी जिले से गुजरने वाले पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई थी।

इसके बाद दोपहर तीन बजे से वहां फिर से कर्फ्यू लागू कर दिया गया, जो अगले आदेश तक जारी रहेगा। सुनसरी जिले के हरिनगरा बाजार, भुटाहा बाजार, कप्तानगंज बाजार, घुस्की बाजार और देवानगंज बाजार में सोमवार सुबह से ही कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू है। जिले में प्रतिबंध सोमवार को पहली बार लगाए गए थे, जब रविवार को कप्तानगंज क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी।

पुलिस के मुताबिक, दो धार्मिक समुदायों के जश्न के दौरान हुए विवाद के बाद आपस में भिड़े समूहों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने एक बयान जारी कर सभी संबंधित पक्षों से शांति, सामाजिक सद्भाव और सहिष्णुता बनाए रखने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular