बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के Bulandshahr जिले में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान एक गैस एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए करीब 1000 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर के साथ भारी मात्रा में रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इलाके में अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से बुलंदशहर के खुर्जा में शिवांश भारत गैस एजेंसी पर छापा मारा गया। इस दौरान अवैध रूप से गैस ट्रांसफर करने का भंडाफोड़ हुआ और मौके से लगभग 1000 सिलेंडर तथा रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर, पाइप, रेगुलेटर और रिफिलिंग मशीनें बरामद की गईं।
अवैध कारोबार से सुरक्षा को खतरा
प्रशासन को लंबे समय से इस एजेंसी पर अवैध रिफिलिंग की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर एसडीएम खुर्जा प्रतीक्षा पाण्डेय और आपूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने गोदाम पर छापा मारा। जांच में कैंपस से 32 रिफिलर यंत्र और गैस ट्रांसफर करने वाले तीन बड़े पाइप मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि यहां बड़े पैमाने पर एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस चोरी और रिफिलिंग का काम चल रहा था।
अधिकारियों के अनुसार अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करना बेहद खतरनाक होता है और इससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे मामलों में अक्सर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता, जिससे आग या विस्फोट का खतरा बढ़ जाता है।
जांच शुरू, आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी
जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) अभय सिंह ने मौके पर पहुंचकर बताया कि एजेंसी की गतिविधियों में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि “एजेंसी कैंपस में रिफिलिंग उपकरण मिलना अवैध कारोबार का स्पष्ट प्रमाण है।” आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध गैस कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, और प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और अवैध गैस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
प्रशासन की चेतावनी
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग या गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।


