गाजियाबाद (शालीमार गार्डन)। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शालीमार गार्डन थाने के थानाध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी और सब इंस्पेक्टर संजय शर्मा उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र सक्सेना ने थानाध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी और एसआई संजय शर्मा का पुष्प गुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद आगामी त्योहारों—नवरात्रि और ईद—को लेकर विशेष चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

थानाध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में पुलिस की विशेष गश्त बढ़ाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बैठक में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें रात 11 बजे के बाद दुकान बंद करने का मुद्दा, पान की दुकानों पर नाबालिगों को सामग्री न देने की सख्ती, एसी के पाइप चोरी की घटनाएं, वाहनों में अवैध हूटर का उपयोग, संकरी गलियों में तेज रफ्तार से वाहन चलाना तथा चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं प्रमुख रहीं। पुलिस प्रशासन ने इन समस्याओं पर गंभीरता दिखाते हुए गश्त बढ़ाने और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

थानाध्यक्ष ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा मुक्ति अभियान और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जुगल किशोर, वीरेश, सुशील वर्मा, शरद सक्सेना, केशव सक्सेना, आशु चोपड़ा, दीपक मेहता, शैंकी, मनोज मिश्रा, संदीप त्यागी, देवेंद्र दुबे, सागर कर्णवाल, रॉबिन शर्मा, सुनील चौधरी, रविंद्र मलिक, प्रेम शर्मा, नितिन बंसल, शिवम ठाकुर और प्रेम त्यागी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष शैलेंद्र सक्सेना ने अपने संबोधन में व्यापारियों से त्योहारों के दौरान अतिक्रमण न करने और दुकानों के आगे पर्याप्त जगह बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और पुलिस के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था कायम की जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष जुगल किशोर ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष शैलेंद्र सक्सेना ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


