back to top
Sunday, September 20, 2026
Homeराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशगाजियाबाद में 10 जुलाई तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, जिला...

गाजियाबाद में 10 जुलाई तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गाजियाबाद, 7 जुलाई। मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर गाजियाबाद जिला प्रशासन ने जिले में 7 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, वज्रपात और व्यापक वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार खराब मौसम के दौरान लोगों से केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने विशेष रूप से पुराने और जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों तथा बिजली के खंभों और तारों के आसपास जाने से बचने को कहा है।

प्रशासन ने नागरिकों को रेडियो, टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है। तेज आंधी के दौरान धातु की डंडी वाले छाते का उपयोग न करने तथा निर्माण स्थलों पर रखी टीन शीट और अन्य ढीली सामग्री से दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है।

किसानों के लिए भी विशेष सलाह जारी की गई है। प्रशासन ने कहा है कि पहले से कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा भारी बारिश और ओलावृष्टि के दौरान खेतों में जाने से बचें।

इसके अलावा आंधी-तूफान के समय पेड़ों के नीचे शरण न लेने, बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर सुरक्षित रखने तथा यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।

मौसम संबंधी ताजा जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिकों को ‘सचेत’ (Sachet) मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। किसी भी आपातकालीन या चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होने पर 108 और 102 टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें और खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular