back to top
Thursday, July 30, 2026
Homeखेलराष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप: भारतीय महिला टीम ने रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया...

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप: भारतीय महिला टीम ने रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया

नयी दिल्ली, 28 जुलाई भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे चरण के ग्रुप मुकाबले में मजबूत प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमाल का संघर्ष करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की। सुतीर्था मुखर्जी ने दबाव के बीच शानदार वापसी करते हुए अहम मुकाबला जीता, जबकि यशस्विनी घोरपड़े ने निर्णायक मैच में धैर्य बनाए रखते हुए भारत को जीत दिलाई। मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

यशस्विनी को यांगजी लियू के खिलाफ सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद श्रीजा अकुला ने कड़ा मुकाबला जीतकर भारत की वापसी कराई। उन्होंने मिन युंग जी को 12-10, 7-11, 11-5, 11-9 से हराकर स्कोर 1-1 कर दिया।

सुतीर्था ने तीसरे मुकाबले में जुझारूपन दिखाया। वह कॉन्स्टेंटिना सिहोगियोस के खिलाफ 1-2 से पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 11-8, 9-11, 8-11, 11-8, 13-11 से जीत दर्ज की और भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। चौथे मुकाबले में हालांकि लियू ने श्रीजा को 11-8, 11-5, 11-5 से हराकर ऑस्ट्रेलिया को बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक मुकाबले में यशस्विनी ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने युंग जी को सीधे गेमों में हराकर भारत को 3-2 की जीत दिलाई और टूर्नामेंट में टीम का विजयी अभियान जारी रखा। भारतीय महिला टीम ने इससे पहले श्रीलंका को 3-0 से हराकर पदक की दौड़ में अपनी जगह पक्की कर ली थी।

अब ग्रुप एफ में भारत का सामना बुधवार को कनाडा से होगा। इस बीच भारतीय पुरुष टीम ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे चरण के मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली। चोट से जूझने के बावजूद मानव ठक्कर ने भारत को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि तीसरे मुकाबले में मनुष शाह खेल रहे थे।

महिला वर्ग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला जहां शीर्ष वरीयता प्राप्त सिंगापुर की टीम को मलेशिया ने 3-0 से हरा दिया। इससे पहले सिंगापुर ने पहले चरण के लीग मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 3-2 की करीबी जीत हासिल की थी। मलेशिया की ऐ शिन टी, करेन इये अनाक डिक और ऐलिस ली सियान चांग ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सिंगापुर का सफाया किया।

ग्रुप चरण के अन्य मुकाबलों में इंग्लैंड ने मालदीव को 3-0 से हराया, जबकि न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को इसी अंतर से मात देकर नॉकआउट दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदें मजबूत कर लीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular