back to top
Friday, July 31, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयPakistan के Broad Peak पर हिमस्खलन की चपेट में आए Nimsdai समेत...

Pakistan के Broad Peak पर हिमस्खलन की चपेट में आए Nimsdai समेत 10 पर्वतारोही लापता

नेपाल में जन्मे प्रसिद्ध पर्वतारोही निम्स दाई के नेतृत्व में पर्वतारोहण के लिए निकले 10 अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही पाकिस्तान के उत्तरी क्षेत्र में स्थित दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों में से एक ‘ब्रॉड पीक’ पर हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता हो गए हैं। ‘अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान’ के उपाध्यक्ष कर्रार हैदरी ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि क्लब को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि निम्स दाई के नेतृत्व वाला पर्वतारोहियों का दल हिमस्खलन की चपेट में आया था और तब से पर्वतारोहियों से संपर्क नहीं हो पाया है। हैदरी ने बताया कि इस अभियान दल में निम्स दाई के नेतृत्व में पांच नेपाली पर्वतारोही, पाकिस्तान के हुंजा के पर्वतारोही सोहेल साखी, ओमान की पर्वतारोही नाथिरा, अमेरिकी पर्वतारोही मैलोरी गीस, वांग नामक एक चीनी पर्वतारोही तथा एक अन्य विदेशी पर्वतारोही शामिल हैं।

क्लब के अध्यक्ष मेजर जनरल इरफान अरशद और क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराने के लिए सरकारी अधिकारियों के संपर्क में हैं। क्लब ने कहा कि मौसम और परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर और अन्य बचाव संसाधनों को जल्द से जल्द जुटाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। काराकोरम पर्वत श्रृंखला में स्थित 8,047 मीटर ऊंची ब्रॉड ‘पीक दुनिया’ की 12वीं सबसे ऊंची चोटी है।

पाकिस्तान में विश्व की कई ऊंची पर्वत चोटियां स्थित हैं और हर वर्ष दुनिया भर से पर्वतारोही इन चोटियों को फतह करने के लिए यहां पहुंचते हैं। बयान में कहा गया है, ‘‘अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित सभी पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है।’’
क्लब ने यह भी कहा कि वह पर्वतारोहियों के परिजनों और अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण समुदाय के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular