महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डीआरआई के एक अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि भारत में सोने की तस्करी करने और इसे ग्रे मार्केट (अवैध कारोबार से जुड़ा बाजार) में बेचने की एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें आयात नियमों का उल्लंघन किया गया और सरकारी राजस्व की चोरी की गई।
इसे भी पढ़ें: कन्नड़ स्टार उपेंद्र और उनकी पत्नी प्रियंका का मोबाइल हैक करने वाला बिहार से दबोचा गया, ‘साइबर क्राइम का जामतारा’ खुला!
तस्करों के पास से 15 करोड़ रुपये का सोना बरामद भी किया गया है।
डीआरआई की मुंबई जोनल इकाई को मुंबई में सोने की तस्करी और इस धातु को पिघलाने वाले गिरोह के संचालन के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी।
इसके आधार पर, डीआरआई की टीमों ने सोमवार को शहर में चार स्थानों पर एक साथ तलाशी ली, जिसमें सोने को पिघलने वाली दो अवैध इकाइयों और दो अपंजीकृत दुकानों का पता चला।
इसे भी पढ़ें: Al Falah Medical College के छात्र पूछ रहे सवाल- इतनी बदनामी के बाद अब हमें नौकरी कौन देगा?
अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक पूरी तरह सक्रिय इकाई मिली, जहां तस्करी किए गए सोने को पिघलाकर अन्य रूपों जैसे बार में परिवर्तित किया जा रहा था।
सोना पिघलाने वाली इकाइयों से कुल 6.35 किलोग्राम सोना जब्त किया गया तथा भट्टियों का संचालन करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सरगना से जुड़ी दो दुकानों पर की गई तलाशी में 5.53 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद की गईं।
उन्होंने बताया कि डीआरआई ने कुल मिलाकर 15.05 करोड़ रुपये मूल्य का 11.88 किलोग्राम 24 कैरेट सोना और 13.17 लाख रुपये मूल्य की 8.72 किलोग्राम चांदी जब्त की।
सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

