COP31 में जीवाश्म ईंधन और वित्त पर सहमति नहीं, Bhupender Yadav बोले जारी रहेगा प्रयास

0
2

तुर्किये के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता रविवार को किसी व्यापक समझौते पर पहुंचे बिना समाप्त हो गई, इस बीच केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत ने अंत तक रचनात्मक और लगातार प्रयास किए। मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत को इस बात का खेद है कि समझौते के अंतिम मसौदे पर आम सहमति नहीं बन सकी। सीओपी31 नामक वार्षिक जलवायु सम्मेलन जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल धीरे-धीरे बंद करने की मजबूत प्रतिबद्धता और जलवायु वित्त के लिए नई एवं निर्धारित राशि की प्रतिबद्धताओं को लेकर देशों के बीच मतभेद के कारण अंतिम समझौते के बिना समाप्त हो गया।

यादव ने कहा, “जलवायु संबंधी महत्वाकांक्षाओं के साथ उन्हें पूरा करने के साधन भी होने चाहिए। ऊर्जा बदलाव की प्रक्रिया देशों की अपनी परिस्थितियों के अनुरूप, न्यायसंगत और समान होनी चाहिए। इसके लिए विकासशील देशों को वित्त, प्रौद्योगिकी और दक्षता निर्माण में सहयोग दिया जाना चाहिए।”
मंत्री ने कहा कि अंतिम समझौता नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयास रुक गए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत घरेलू स्तर पर लगातार काम कर रहा है और देश में सौर ऊर्जा की क्षमता 170 गीगावाट से अधिक हो गई है। यादव ने कहा कि भारत सीओपी32 की दिशा में आम सहमति पर आधारित बहुपक्षीय व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “भारत ने समान विचारधारा वाले विकासशील देशों की ओर से सीओपी31 में एक बुनियादी सवाल उठाया कि हम यहां क्यों हैं और जलवायु संकट की स्थिति कैसे उत्पन्न हुई?

अतीत और वर्तमान में हो रहे उत्सर्जन ने वैश्विक कार्बन बजट के असमान रूप से बड़े हिस्से का इस्तेमाल कर लिया है।”
मंत्री ने कहा कि इसलिए समानता और जलवायु न्याय को जलवायु परिवर्तन से निपटने के सामूहिक प्रयासों के केंद्र में रखा जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here