Khyber Pakhtunkhwa में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, IMP के 3 आतंकी ढेर

0
2

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को खुफिया जानकारी पर आधारित एक संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित संगठन ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ (आईएमपी) के तीन आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह अभियान सीटीडी और हंगू जिला पुलिस द्वारा चलाया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना मिलने के बाद हंगू जिले के सदर थाना क्षेत्र के नीलम पर्वत के पास कंपनी रोड पर स्थानीय समयानुसार शाम करीब सात बजे यह अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस और सीटीडी की टीम मौके पर पहुंचीं, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से करीब 35 से 40 मिनट तक गोलीबारी जारी रही, जिसमें पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि इलाके की बाद में ली गई तलाशी के दौरान तीन शव बरामद किये गए। उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान बन्नू निवासी नजीर अहमद के पुत्र खलफन अहमद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य दो की पहचान की जा रही है।

इस बीच, सीटीडी द्वारा शनिवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले 10 महीने और 10 दिनों में 500 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here