back to top
Saturday, August 1, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयPakistan के Quetta में कोयला खदान में विस्फोट, 32 खनिकों की मौत...

Pakistan के Quetta में कोयला खदान में विस्फोट, 32 खनिकों की मौत और 10 फंसे

पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक कोयला खदान में विस्फोट होने से कम से कम 32 खनिकों की मौत हो गई तथा 10 अन्य फंस गए। अधिकारियों का मानना है कि फंसे हुए खनिकों की जान को गंभीर खतरा है और बचावकर्मी उन तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। सरकारी खान निरीक्षक गनी बलोच ने कहा कि बृहस्पतिवार को हुआ विस्फोट संभवत: मीथेन गैस के कारण हुआ।

यह घटना बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में हुई। अधिकारियों और प्रांतीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने एक बयान में बताया कि विस्फोट के कुछ घंटे बाद सात लोगों के शव बरामद किए गए और बाद में आपातकालीन दलों को 25 अन्य शव मिले। बयान में कहा गया कि तलाश और बचाव अभियान जारी है तथा बचाव दल फंसे हुए बाकी खनिकों का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

बलोच ने कहा कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक फंसे हुए हर खनिक का पता नहीं लग जाता। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। बलोच ने कहा, ‘‘मीथेन गैस में विस्फोट के बाद किसी के जीवित मिलने की संभावना कम हो जाती है क्योंकि ऑक्सीजन का स्तर शून्य हो जाता है।

बचावकर्मी भी खदान के अंदर बेहद सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने शवों को उनके परिवारों को सौंपना शुरू कर दिया है। बलूचिस्तान के खदान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने कहा कि बचाव दल बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। नोशेरवानी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रांतीय सरकार विस्फोट में मारे गए प्रत्येक खनिक के परिवार को पांच-पांच लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 1,800 अमेरिकी डॉलर) का मुआवजा देगी।

उन्होंने कहा कि प्राधिकारी विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच करेंगे और खदानों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जाएगी। कोयला खनिकों के एक श्रमिक संघ ने कहा कि यह विस्फोट संभवत: लापरवाही के कारण हुआ और उसने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पाकिस्तान केंद्रीय खान श्रमिक महासंघ ने एक बयान में सरकार से सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और खदान सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular