Patiala नगर निगम के 30 और Moga के 22 वार्डों में मतदान जारी, शाम 4 बजे तक वोटिंग

0
2

 पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों के लिए मतदान जारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, इसी के साथ मोगा जिले की बाघापुराना नगर परिषद के 15 वार्डों और धर्मकोट नगर परिषद के सात वार्डों के लिए भी चुनाव हो रहा है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक जारी रहेगा। यह मतदान अक्टूबर में उच्चतम न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद हो रहा है। शीर्ष अदालत ने 21 दिसंबर 2024 को हुए स्थानीय निकाय चुनावों में एक तथ्यान्वेषी आयोग द्वारा ‘‘नामांकन प्रक्रिया के दौरान व्यापक बाधा’’ पाए जाने के बाद उक्त वार्डों में नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया था।

 विपक्षी उम्मीदवारों द्वारा नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाए जाने के बाद यह मामला अदालत पहुंचा था। इन आरोपों में नामांकन पत्र छीनना, उम्मीदवारों को डराना-धमकाना और हाथापाई की घटनाएं शामिल थीं। पटियाला नगर निगम कुल 60 वार्ड हैं, जिनमें से 30 वार्डों में पुनर्मतदान हो रहा है। इन 30 वार्डों में से 21 पटियाला शहरी, आठ पटियाला ग्रामीण और एक सनौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। 

पटियाला के इन 30 वार्डों में 45 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 165 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, कुल 1,49,768 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मतदाताओं में 77,419 पुरुष, 72,338 महिलाएं और 11 ‘तृतीय लिंगी’ मतदाता शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई की नेता जय इंदर कौर उन राजनीतिक नेताओं में शामिल रहीं, जिन्होंने सुबह कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। 

उन्होंने केंद्रों पर तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उन्हें पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी तरह, शिरोमणि अकाली दल के पटियाला शहरी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अमरिंदर सिंह बजाज भी विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेश दुग्गल ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here