अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर कई देशों पर आयात शुल्क बढ़ाने की तैयारी में है। इस बार चीन और भारत समेत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अमेरिकी निशाने पर हो सकती हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार उन देशों पर ज्यादा शुल्क लगाने की योजना बना रही है, जिन पर आरोप है कि वे अपनी घरेलू कंपनियों और उद्योगों को सरकारी मदद देकर अमेरिकी कारोबार को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर इस मामले में कई महीनों से चल रही जांच के नतीजे इसी सप्ताह घोषित कर सकते हैं। इस जांच में चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों की औद्योगिक नीतियों और सरकारी सब्सिडी की पड़ताल की गई है। हालांकि, रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि घोषणा की तारीख में बदलाव भी हो सकता है।
अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि कई देश अपनी कंपनियों को आर्थिक सहायता, सस्ती सुविधाएं और दूसरी तरह की सरकारी मदद देते हैं। इससे वहां जरूरत से ज्यादा उत्पादन हो रहा है। ऐसी कंपनियां कम कीमत पर बड़ी मात्रा में सामान दूसरे देशों में बेच पाती हैं, जिससे अमेरिकी कंपनियों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि इससे अमेरिकी उद्योगों और वहां के रोजगार पर असर पड़ रहा है।
प्रस्तावित शुल्क का दायरा काफी बड़ा हो सकता है। चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के सभी 27 सदस्य देशों के सामान इसकी जद में आ सकते हैं। हालांकि, इस्पात, एल्युमीनियम और कारों जैसे कुछ उत्पादों को इससे बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि इन पर पहले से ही राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर अलग शुल्क लगाया गया है। नए शुल्क की दरें अभी तय नहीं हुई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के अधिकारी 2025 में लगाए गए शुल्क के समान दरें रखने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, फरवरी 2026 में अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप के शुरुआती शुल्क आदेशों को रद्द कर दिया था। इसके बाद प्रशासन नए कानूनी रास्तों के जरिए शुल्क लगाने की तैयारी में है।
जापान और यूरोपीय संघ जैसे देशों ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते किए हैं। ऐसे में इन देशों पर शुल्क की दरें पहले हुए समझौतों की शर्तों के अनुसार तय होने की संभावना है। दक्षिण कोरिया को भी इस श्रेणी में रखा जा सकता है। इन तीनों पर कुल शुल्क 15% या उससे कम रहने का अनुमान है। वहीं, वियतनाम और भारत को ज्यादा दरों का सामना करना पड़ सकता है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि अमेरिका के साथ उनके समझौतों की शर्तें क्या हैं।
भारत के लिए यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि दोनों देश अभी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं। ऐसे समय में अमेरिकी शुल्क बढ़ने की आशंका भारतीय निर्यातकों के लिए चिंता बढ़ा सकती है। खासकर कपड़ा, दवा, मशीनरी और दूसरे औद्योगिक सामान के कारोबार पर इसका असर पड़ सकता है।
चीन को सबसे ज्यादा शुल्क का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि चीन में सरकारी सब्सिडी बड़े पैमाने पर दी जाती है और इससे दुनिया के बाजारों में असंतुलन पैदा होता है। कुछ अधिकारी ऐसे नियमों पर भी विचार कर रहे हैं, जिनके तहत भविष्य में किसी देश का औद्योगिक उत्पादन जरूरत से ज्यादा बढ़ने या अमेरिका के साथ बातचीत में नीतिगत बदलाव नहीं करने पर शुल्क और बढ़ाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि प्रस्तावित शुल्क जुलाई में घोषित एक अलग कदम के ऊपर भी लगाया जा सकता है। उस योजना के तहत जबरन मजदूरी से बने सामान के कारोबार को रोकने में नाकाम रहने वाले 60 देशों पर 10% से 12.5% तक शुल्क लगाने की बात कही गई थी। हालांकि, इस कदम को अदालत में चुनौती दी गई है।
इस घोषणा से अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव और बढ़ सकता है। ऐसे में भारत समेत दूसरे देशों की नजर इस बात पर रहेगी कि अमेरिका किन उत्पादों पर कितना शुल्क लगाता है और इसका असर वैश्विक व्यापार पर किस तरह पड़ता है।



