back to top
Thursday, August 13, 2026
Homeराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशतिरंगा यात्रा से पहले हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति...

तिरंगा यात्रा से पहले हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति नजरबंद, लोनी की बदहाली का मुद्दा उठाने की थी तैयारी

गाजियाबाद, लोनी। ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में गुरुवार को लोनी के खन्ना नगर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति को पुलिस ने उनके घर पर ही रोक दिया। संगठन का आरोप है कि अमित प्रजापति लोनी की बदहाल सड़कों, बिजली व्यवस्था और रुके हुए विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे ऊर्जा मंत्री के सामने उठाने जा रहे थे।

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अमित प्रजापति ने एक दिन पहले उपजिलाधिकारी (SDM) को ज्ञापन देकर ऊर्जा मंत्री के समक्ष लोनी की स्थानीय समस्याएं रखने की अनुमति मांगी थी। आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मंत्री से मिलने की अनुमति नहीं दी गई और पुलिस बल की मौजूदगी में घर पर ही रोक दिया गया।

बिजली और विकास के मुद्दे पर समर्थकों ने की नारेबाजी

अमित प्रजापति के घर पर रोके जाने के बाद उनके समर्थकों ने बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन का कहना है कि लोनी में सड़क, बिजली और विकास से जुड़े कई काम अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं।

अमित प्रजापति ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय जनता की समस्याओं को ऊर्जा मंत्री तक पहुंचाना उनका उद्देश्य था। उनके मुताबिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सत्ता पक्ष जनता की समस्याओं को मंत्री तक पहुंचाने में विफल रहे हैं, इसलिए संगठन ने खुद जनता की आवाज उठाने का फैसला किया।

‘क्या तिरंगा यात्रा केवल एक राजनीतिक पार्टी की है?’

अमित प्रजापति ने पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सवाल किया कि यदि तिरंगा यात्रा जनता से जुड़े मुद्दों को सामने रखने का अवसर है, तो आम नागरिकों और अन्य संगठनों को अपनी जायज समस्याएं रखने से क्यों रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा, “क्या तिरंगा यात्रा केवल और केवल एक राजनीतिक पार्टी की है? क्या इसमें आम जनता और अन्य संगठनों का शामिल होना और अपनी जायज मांगें रखना मना है?”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दे उठाने वालों को पुलिस के जरिए रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

‘लोनी की बिजली और विकास व्यवस्था में सुधार तक आंदोलन जारी रहेगा’

अमित प्रजापति ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई से संगठन पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने दावा किया कि जब तक लोनी की बिजली व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों को गति नहीं मिलती, तब तक आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

संगठन की ओर से कहा गया कि प्रशासनिक गतिरोध के बाद गुरुवार का प्रस्तावित कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया और मौके पर ही विरोध दर्ज कराया गया।

ऊर्जा मंत्री से लोनी की समस्याओं का संज्ञान लेने की अपील

हिंदू रक्षा दल ने ऊर्जा मंत्री से लोनी की बिजली व्यवस्था, टूटी सड़कों और रुके हुए विकास कार्यों का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular