Bisleri के पानी में मिला बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर एक और मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

0
5

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए गए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी।

सूत्रों के अनुसार, ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना ‘असुरक्षित’ पाया गया और इसमें ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

सूत्रों ने बताया कि एफएसएसआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी। एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। एफएसएसएआई ने बताया, “नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा के मानकों पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया।”
एफएसएसएआई के अनुसार, कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया गया।

वहीं, बिसलेरी ने सोमवार को दावा किया कि उसका उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले के समाधान के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here