साहिबाबाद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्व महामंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू पहलवान तथा सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल मेदी वाले के नेतृत्व में करीब छह पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी धवल जायसवाल से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान विशेष रूप से एसीपी शालीमार गार्डन और खोड़ा क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं एवं जनसुविधाओं में आ रही परेशानियों को प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को कई मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनका जल्द समाधान आवश्यक है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल एसीपी साहिबाबाद एवं एसीपी इंदिरापुरम से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद राहुल शर्मा, श्याम शर्मा, पार्षद अजीत झा, सभासद हेमंत जोशी, सभासद अनमोल गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता तथा उत्तरांचल समाज से जुगल किशोर वारा पूर्व अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डीसीपी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान आगामी तीन दिनों के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाते रहेंगे।


