INDIA गठबंधन ने Delimitation Bill के विरोध की बनाई रणनीति

0
2

संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने से पहले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने शनिवार को इससे जुड़ी रणनीति पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी नेताओं ने विधेयक के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया और संसद में सरकार के प्रस्तावित कदम का विरोध करने के तरीकों पर मंथन किया। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित इस बैठक में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के साथ-साथ द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल को भी आमंत्रित किया गया था।

हालांकि, इन तीनों दलों का कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ। गौरतलब है कि द्रमुक ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है। उसके इस रुख से सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल करने में सरकार को मदद मिल सकती है।

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन और कई अन्य दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में परिसीमन से जुड़े संभावित संविधान संशोधन विधेयकों के प्रावधानों, उनके राजनीतिक एवं संवैधानिक प्रभावों और संसद में सरकार की पहल का विरोध करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। संसद के वर्तमान मानसून सत्र के दूसरे चरण के तहत लोकसभा की विशेष बैठक 30 नवंबर से, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से बुलाई गई है।

सरकार इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने का प्रयास करेगी। इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हताश हैं और लोकसभा में कथित धोखाधड़ी के जरिये दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहते हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सरकार के संभावित कदम को संविधान पर हमला करार देते हुए कहा था कि विपक्ष पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ इसका मुकाबला करेगा।

दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा, नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव भी किया गया है।

सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। इसी उद्देश्य से सोमवार से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक शामिल है।

संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाने हैं, जबकि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा। इसके अतिरिक्त, केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में आवश्यक बदलाव करने के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here