Jewar Airport में 30 हजार करोड़ के निवेश पर Congress का सवाल, नहीं शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय उड़ान

0
3

कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने के बावजूद अब तक वहां से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हुई। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखे जाने पर सवाल उठाए। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने 28 मार्च, 2026 को जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन बड़े समारोह में किया था।

उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के पहले चरण के लिए 3,000 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण विवादों के बीच किया गया और परियोजना में 30,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ। रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए दावा किया कि इस निवेश के बावजूद अब तक वहां से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान का संचालन नहीं हुआ है और यात्री यातायात भी धीमा है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नोएडा-जेवर’ कर दिया गया है।

उन्होंने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि अब अगला नामकरण किसके नाम पर किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव ने अपने पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के एक अलग दृष्टिकोण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनवरी 1949 में तत्कालीन प्रधानमंत्री ने हैदराबाद के फतेह मैदान का नाम अपने नाम पर रखने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।

दिसंबर 1956 में नेहरू ने जम्मू-कश्मीर की बनिहाल सुरंग का नाम अपने नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी रुकवा दिया था। रमेश ने एमसी छागला की आत्मकथा ‘रोजेज इन दिसंबर’ का हवाला देते हुए कहा कि 1960 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री छागला ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित दूसरे विश्वविद्यालय का नाम प्रधानमंत्री के नाम पर रखने का विचार रखा था, लेकिन नेहरू ने तत्काल इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here