NCB और DEA का अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट पर एक्शन, अमेरिका से डिपोर्ट BTech आरोपी समेत 6 गिरफ्तार

0
1

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के मादक पदार्थ प्रवर्तन प्रशासन (डीईए) ने मिलकर हाल में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में हुई जांच में पता चला है कि गिरफ्तार भारतीयों में से एक को कुछ साल पहले मादक पदार्थों से जुड़े एक मामले में अमेरिका से निर्वासित किया गया था, जबकि कुछ अन्य आरोपियों के पास एमबीए और बीटेक जैसी उच्च शैक्षणिक डिग्रियां हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि इस मामले में चार से 13 नवंबर के बीच कई शहरों में छापेमारी के बाद छह भारतीयों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले की संयुक्त जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है और आरोपियों से उनके संपर्कों तथा कथित अवैध गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तेलंगाना के रहने वाले टी मनोज को जनवरी 2024 में कुछ विनियमित दवाओं के कथित कारोबार के मामले में अमेरिका से निर्वासित किया गया था। मनोज (27) ने कंप्यूटर विज्ञान में बीटेक किया है और वह अमेरिका में परास्नातक की पढ़ाई कर रहा था।

जांचकर्ता अमेरिका और भारत में उसके संपर्कों की पड़ताल कर रहे हैं। जांचकर्ताओं के अनुसार, एक अन्य आरोपी टी डी जायसवाल (30) लखनऊ का रहने वाला है और उसके पास एमबीए की डिग्री है। उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक फार्मेसी और कपड़ों की दुकान से उसके कारोबारी संबंध हैं।

लखनऊ की रहने वाली 32 वर्षीय आरती सोनी गणित में स्नातक है और कॉरपोरेट कार्यक्रमों के प्रबंधन के क्षेत्र में काम करती थी। वहीं, कोलकाता के ए मुत्तलिब (28) के पास इंजीनियरिंग की डिग्री है और वह कपड़ा निर्माण तथा डेयरी कारोबार से जुड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक, कला संकाय से स्नातक डी के तिवारी (39) के कथित तौर पर जायसवाल के साथ कारोबारी संबंध हैं, जबकि 29 वर्षीय जसवंत ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वह लखनऊ में बिजली मिस्त्री के तौर पर काम करता था।

एनसीबी और अमेरिका के मादक पदार्थ प्रवर्तन प्रशासन (डीईए) ने संयुक्त रूप से मॉनसून थंडर नाम से चलाए गए अभियान के तहत इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि इस गिरोह के जरिए जैनैक्स (अल्प्राजोलम), एटिवन, ट्रामाडोल, वैलियम (डायजेपाम) और एम्बियन जैसी कई ओपिओइड दवाएं भारत से अमेरिका में ग्राहकों को भेजी गईं। एनसीबी ने 20 नवंबर को जारी एक बयान में कहा था कि अब तक जांचे गए रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में करीब तीन हजार पार्सल भेजे, जिनमें लगभग पांच लाख गोलियां थीं।

एनसीबी के अनुसार, 59 हजार से अधिक लोगों का ग्राहक डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया गया है। इसमें लेनदेन, पहले भेजे गए पार्सल का विवरण, डिलीवरी के पते, अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) के ट्रैकिंग नंबर और दवाओं के प्रकार की जानकारी शामिल है। इससे अमेरिका में ग्राहकों और पार्सल भेजने वाले बिचौलियों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

एनसीबी ने पाया कि भारत में बैठे संचालक टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सऐप जैसे ऑनलाइन मंचों के जरिए दवाओं के ऑर्डर प्राप्त करते थे। इसके बाद अमेरिका में सक्रिय नेटवर्क डाक और अन्य वितरण माध्यमों के जरिए पार्सल भेजता था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संयुक्त अभियान को उल्लेखनीय सफलता बताया, जबकि भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इसे अमेरिका-भारत साझेदारी का एक बेहतरीन उदाहरण करार दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here